शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी में सेंट्रल पार्क वेलफेयर एसोसिएशन के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का आयोजन मंदिर प्रांगण में किया गया। कॉलोनी निवासी श्रवण कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभी कॉलोनीवासियों ने तिरंगे को नमन करते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं एकता का संकल्प लिया। कार्यक्रम स्थल ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। राष्ट्रगान के बाद सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और मिठाई वितरित कर खुशी मनाई।
इस अवसर पर सेंट्रल पार्क वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष त्यागी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की याद दिलाता है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
श्रवण कुमार शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और गौरव का प्रतीक है। सभी नागरिकों को राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
समारोह में बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रांगण सहित कॉलोनी का वातावरण देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।








