शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने कैंप कार्यालय में गरिमापूर्ण समारोह के बीच राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा देश की सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में विश्वास कायम करना भी है।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की अपनी जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मियों को कानून के प्रति निष्ठावान रहते हुए निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह दिखाई दिया। ध्वजारोहण एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद पुलिसकर्मियों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रप्रेम, कर्तव्य और जनसेवा की भावना के साथ पुलिसकर्मियों ने देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया।








