Saharanpur News: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर गांधी पार्क में राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने तिरंगा फहराया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों को पटका व तिरंगा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर गांधी पार्क में राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने तिरंगा फहराया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों को पटका व तिरंगा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर, । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सहारनपुर के ऐतिहासिक गांधी पार्क में आयोजित मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से पूरा गांधी पार्क देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।

ध्वजारोहण के बाद राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रपिता सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

कार्यक्रम में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत ‘मां की वीणा’ और ‘सारेगामा’ की प्रस्तुति दी। वहीं केसीसीपी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ‘इस मिट्टी के बेटे’ गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों का सम्मान

समारोह का विशेष आकर्षण स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों का सम्मान रहा। राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों को पटका पहनाकर एवं तिरंगा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मनोज त्यागी, ऋषिपाल, वीरेंद्र सिंह, अशोक कुमार, शीला, ओम प्रकाश शर्मा, अरुण कुमार, प्रमोद त्यागी, बबली, हाशिम खां, गोपाल सैनी, नजर मोहम्मद, धर्म सिंह, आशा शर्मा, लाज प्रसाद, भीम सिंह, विकास, काशीराम, कर्नल मधुर गोयल, तुलसीराम, प्रदीप कुमार, चौधरी इशम सिंह, सुनील साहनी एवं तेजपाल सिंह सहित अन्य आश्रितों को सम्मानित किया गया।

शहीदों और वीर जवानों के योगदान को किया नमन

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त गौरव, आनंद और उत्साह का पर्व है, लेकिन इसके साथ ही यह उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग को याद करने का अवसर भी है, जिनके बलिदान से देश को आजादी मिली।

उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों के त्याग और स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष के कारण ही आज देशवासी सुरक्षित वातावरण में स्वतंत्रता का पर्व मना पा रहे हैं। उन्होंने देश की उन माताओं को भी नमन किया, जो अपने बेटों को राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करती हैं।

राज्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले परिवारों का सम्मान और उनकी देखभाल करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान

बृजेश सिंह ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे अपने वीर पुरखों से राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा लेकर देश और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।

उन्होंने ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित जय नाथ शर्मा ने भी अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए अपने विचार रखे।

मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने राज्यमंत्री बृजेश सिंह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों एवं समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ संबोधन समाप्त किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामभरोस सरन, एसपी सिटी व्योम बिंदल, कर्नल मधुर गोयल (सेना मेडल वीरता), शीतल टंडन, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह, डीआईओएस जयकरण यादव, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सम्मानित नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार आमिर खान ने किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य