शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पार्षद एवं नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रमों में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

मंसूर बदर और उनकी टीम ने प्राथमिक पाठशाला शिवपुरी मंडी, जमुनादास आर्य कन्या स्कूल, मिगलानी बिल्डिंग चौक, एकता कॉलोनी में कांच फैक्ट्री के पास, पुल कंबोह स्थित लिटिल स्टार पब्लिक स्कूल, गणपत सराय, सराय हिसामुद्दीन, ढोलीखाल चौक, मेंहदी सराय और सराय फैज अली सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने टीम का स्वागत भी किया।

इस अवसर पर पार्षद मंसूर बदर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी आजादी को सहज रूप से प्राप्त अधिकार समझती है, लेकिन हमारे बुजुर्गों और स्वतंत्रता सेनानियों ने इसे हासिल करने के लिए लंबे संघर्ष और बड़ी कुर्बानियां दी थीं।
उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में विभिन्न संस्थाओं और शिक्षण परंपराओं की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में मदरसों, गुरुकुलों और अन्य शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने दारुल उलूम की स्थापना, रेशमी रुमाल आंदोलन और स्वतंत्रता संघर्ष से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए नई पीढ़ी को इतिहास से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मंसूर बदर ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के अनेक ऐसे उदाहरण हैं, जिन्होंने देशभक्ति और त्याग की मिसाल कायम की। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद, अशफाकउल्लाह खान, भगत सिंह, शाहनवाज खान और महात्मा गांधी सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही देश आज स्वतंत्र वातावरण में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने स्कूली बच्चों के अभिभावकों से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने की अपील की। विशेष रूप से उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित बेटियां परिवार और समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए बच्चों को शिक्षित और संस्कारवान बनाना प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पत्रकार नवाजिश खान ने भी कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का मजबूत आधार है। बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सकता है।
कार्यक्रमों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पंडित प्रतीक कौशिक, पंजाबी समाज अध्यक्ष पल्लवी कालड़ा, पार्षद सईद सिद्दीकी, पार्षद रईस पप्पू, पार्षद आसिफ अंसारी, पार्षद गुलजेब खान, पार्षद जफर अंसारी, यंग तिरंगा क्लब अध्यक्ष उस्मान मलिक, जावेद मलिक, अविनाश शर्मा, रिहान कुरैशी, गालिब, बिलाल अंसारी, इमरान मंत्री, जाकिर, अलमास, सोनू जैदी, रिहान खान, तंजीम बख्शी, आरती शर्मा, तलत सरोहा, निधि खन्ना, मीनू सैनी, शबनम परवीन, बेनजीर अख्तर, डॉ. रविंद्र सैनी, डॉ. उर्मिला शर्मा, कृष्ण कुमार सिंघल, ताराचंद, कारी मोहम्मद अरशद, अनीस भाई, लालू भाई सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।








