गय्यूर मलिक
सहारनपुर। अवैध पटाखों के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मिर्जापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम फतेहपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कथित अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में सूतली बम और पटाखे बनाने की सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में अवैध पटाखा फैक्ट्रियों और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम को 15 अगस्त को सूचना मिली कि मिर्जापुर थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में अवैध रूप से पटाखे तैयार किए जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना मिर्जापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान जुल्फकार उर्फ रोकी पुत्र सैय्यद जब्बार, निवासी ग्राम पिपलेड़ा, गुलावटी रोड, थाना धौलाना, जिला हापुड़ को गिरफ्तार किया गया।
233 किलो से अधिक सूतली बम बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27 कट्टों में भरे हरे रंग के सूतली बम, जिनका कुल वजन करीब 233.950 किलोग्राम बताया गया है, बरामद किए। इसके अलावा बड़े सूतली बम बनाने में इस्तेमाल होने वाले कागज के रैपर का एक कट्टा करीब 4 किलोग्राम वजन का मिला।
पुलिस के मुताबिक मौके से सूतली के छोटे-बड़े गट्टे भी बरामद हुए हैं। इनमें आठ हरे रंग के गट्टों के साथ एक लाल रंग का सूतली का गट्टा शामिल है, जिसका वजन करीब 23.500 किलोग्राम बताया गया है। इस तरह पुलिस ने बड़ी मात्रा में तैयार पटाखे और उनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा
बरामदगी के आधार पर थाना मिर्जापुर में मु0अ0सं0 240/26, धारा 125 बीएनएस और विस्फोटक अधिनियम की धारा 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के साथ उपनिरीक्षक अवशेष भाटी, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल अमित राठी, कांस्टेबल सुमित राघव, महिला कांस्टेबल वर्षा और महिला कांस्टेबल वंदना शामिल रहे।
पुलिस ने लोगों से की अपील
सहारनपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से पटाखे या विस्फोटक सामग्री बनाने अथवा बेचने की जानकारी मिलती है तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि अवैध विस्फोटक सामग्री का निर्माण और कारोबार गंभीर खतरा पैदा कर सकता है और इससे जन-जीवन तथा संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।








