शहरी चौपाल ब्यूरो
सरसावा (सहारनपुर)। नगर पालिका चेयरमैन राजू पंवार की भाभी एवं सहारनपुर जिला चिकित्सालय में चीफ फार्मासिस्ट अनिल पंवार की पत्नी बबिता पंवार का सोमवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। वह पिछले कई माह से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बबिता पंवार के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। अंतिम यात्रा में नगर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी लोग शामिल हुए। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम संस्कार में पहुंचे विधायक मुकेश चौधरी ने कहा कि बबिता पंवार कुशल गृहणी थीं और परिवार को एकजुट रखते हुए सभी को साथ लेकर चलती थीं। उनके निधन से परिवार में जो रिक्तता आई है, उसकी भरपाई करना कठिन है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सहारनपुर से पहुंचे मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि जिला चिकित्सालय में कार्यरत अनिल पंवार अपने व्यवहार और कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनकी पत्नी बबिता पंवार भी धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। उनके निधन से जिला चिकित्सालय के स्टाफ में भी गहरा दुख है।
अंतिम संस्कार में नगर निगम पार्षद जसवीर मोघा, अन्नू वर्मा, पालिका ईओ राजीव कुमार, बाबू रुमा चौहान, बसपा नेता नरेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष सागर चौधरी, सतेंद्र सिंह, ब्रह्मपाल प्रधान, सभासद नवीन टांक, सुमित सूद, ओपी कल्याण, अनुज कम्बोज, सुशील मोघा, कृष्ण लाल गुम्बर, सतीश कश्यप, अमित गुप्ता, मनीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत बबिता पंवार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।








