गय्यूर मलिक
बेहट। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी किए जाने की घोषणा के बाद तहसील बेहट क्षेत्र के राशन कोटेदारों में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के करीब 80 हजार उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था तथा ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली को लेकर भी नई पहल की जानकारी दी गई।

मंगलवार को उपजिलाधिकारी विकास कुमार पांडे के नेतृत्व में आपूर्ति विभाग की ओर से बेहट तहसील क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाकंभरी रोड स्थित एक पैलेस में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कोटेदारों को दिखाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में राशन डीलरों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना और सरकार की ओर से की गई घोषणाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश बढ़ाने की घोषणा की। इसके तहत अब राशन वितरण करने वाले कोटेदारों को ₹90 के स्थान पर ₹125 प्रति कुंतल लाभांश मिलेगा। सरकार की ओर से लाभांश के वार्षिक बजट में भी बढ़ोतरी किए जाने की बात कही गई। नई व्यवस्था को उचित दर विक्रेताओं के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में तहसील बेहट के कोटेदारों को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी विकास कुमार पांडे ने कहा कि सरकार ने उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए लाभांश में महत्वपूर्ण वृद्धि की है। ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल किए जाने से कोटेदारों को पहले की अपेक्षा अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राशन वितरण व्यवस्था को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक नरेश सैनी ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में बढ़ोतरी को सरकार का महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि इससे प्रदेशभर के हजारों राशन डीलरों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी को लागू किया जा रहा है। इसके साथ ही ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली शुरू किए जाने से राशन वितरण व्यवस्था की निगरानी और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है। इससे उचित दर विक्रेताओं की प्रतिक्रिया भी व्यवस्था को बेहतर बनाने में उपयोगी होगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। कोटेदारों से शासन की ओर से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा की गई।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, गन्ना समिति बेहट के चेयरमैन मुल्किराज सैनी, भाजपा के वरिष्ठ नेता साहब सिंह पुंडीर सहित तहसील क्षेत्र के करीब 120 उचित दर विक्रेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आपूर्ति निरीक्षक नदीम अहमद ने किया। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद मौजूद कोटेदारों ने लाभांश बढ़ाए जाने पर खुशी जताई और इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।








