अमित कुमार उपाध्याय
सहारनपुर , चिलकाना। ग्राम चोरी मंडी से सोमवार को श्रद्धालुओं का एक जत्था राजस्थान स्थित प्रसिद्ध गोगाजी मेड़ी के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु गोगा जाहरवीर जी की जात लेकर धार्मिक यात्रा पर निकले। यात्रा को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का आयोजन चोरी मंडी निवासी चौधरी जसवीर सिंह भगत के नेतृत्व में किया गया। उनके पुत्र अमित चौधरी गोगा जाहरवीर जी की जात लेकर राजस्थान के गोगाजी मेड़ी के लिए रवाना हुए। यात्रा शुरू होने से पहले चिलकाना निवासी रामपाल सिंह भगत के सानिध्य में विधि-विधान से पूजन-अर्चना कराई गई।
इस अवसर पर गुरुजी रामपाल सिंह भगत ने कहा कि गोगाजी को कलयुग का अवतारी माना जाता है और उनके प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ गोगाजी की पूजा-अर्चना करते हैं तथा सच्चे मन से की गई प्रार्थना से मनोकामना पूर्ण होने की मान्यता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान आस्था और विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।
जात यात्रा रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देकर यात्रा के सफल होने की कामना की। धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु गोगाजी के जयकारे लगाते हुए राजस्थान के लिए रवाना हुए।
बताया गया कि यात्रा का समापन 20 अगस्त को भंडारे के आयोजन के साथ किया जाएगा। इस दौरान चौधरी सुखबीर, प्रीतम, ओमपाल, बुद्ध सिंह, विनोद, सोनू चौधरी, विशाल, संदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।








