शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कोतवाली देहात पुलिस ने गोकशी के प्रयास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो घायल आरोपियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, दो जिंदा और चार खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू, पिकअप वाहन, दो जिंदा गोवंश और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान चार अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।

पुलिस के मुताबिक 18 अगस्त 2026 की सुबह प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात पुलिस टीम के साथ मल्लिहीपुर की ओर जाने वाली सड़क पर रामनगर चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मल्लिहीपुर की ओर सूखे तालाब के पास स्थित आम के बाग में कुछ लोग गोकशी करने की तैयारी में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची तो पुलिस के अनुसार वहां कुछ लोग गोकशी का प्रयास करते मिले। पुलिस टीम को नजदीक आता देखकर आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगने की बात पुलिस ने बताई। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपियों की पहचान आफताब उर्फ लालू पुत्र इकरामुद्दीन निवासी डोलीवाला, थाना डोलीवाला, देहरादून और अब्दुल बहाव पुत्र सत्तार कुरैशी निवासी पठेड़, थाना चिलकाना, हाल निवासी मोहल्ला शाहपुर, भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है। इनके कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, दो जिंदा और चार खोखा कारतूस, एक पिकअप वाहन, दो जिंदा गोवंश तथा गोकशी के उपकरण बरामद होने की बात कही गई है।
पुलिस टीम ने मौके से फरार हुए आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान घेराबंदी कर एक अन्य आरोपी नासिर पुत्र जाहिद निवासी दाउदसराय, ढोलीखाल, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अब्दुल बहाव के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और गोकशी जैसे संगीन मामलों में तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार और घायल आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।








