शराब ठेके के सेल्समैन की हत्या का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

लूट के इरादे से की थी वारदात, पहचान लिए जाने के डर से पानी में डुबोकर की हत्या; दो चाकू, मोबाइल, नकदी, बैग और दो बाइक बरामद

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना नागल पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने शराब ठेके के सेल्समैन लोकेश की हत्या का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो अवैध चाकू, दो मोबाइल फोन, 1490 रुपये नकद, मृतक का लाल रंग का पिट्ठू बैग और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को अंकित निवासी मुंडीखेड़ी थाना रामपुर मनिहारान ने थाना नागल में तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई लोकेश की अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसएसपी के निर्देश पर एसपी ग्रामीण और सीओ देवबंद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक नागल संजय कुमार एवं एसओजी/स्वाट प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे से गांगनौली शुगर मिल जाने वाले रास्ते पर रेलवे पुल के पास नई कट रही कॉलोनी से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ राज सिंह, विकास और रामधारी निवासी नयागांव थाना नागल, जबकि विशाल और विकास निवासी रोहाल्की किशनपुर थाना बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है।

लूट के लिए बनाई थी योजना

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें जानकारी थी कि लोकेश शराब का ठेका बंद करने के बाद रात करीब 10 बजे अकेले बाइक से घर जाता था और उसके लाल रंग के पिट्ठू बैग में रुपये रहते थे। आरोपियों ने रास्ते में उसे घेरकर लूटने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त की रात लोकेश के ठेका बंद कर निकलने के बाद आरोपी उसका पीछा करने लगे। लाखनौर से पहले आईटीआई के पास उन्होंने लोकेश की बाइक को टक्कर मारकर उसे सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में गिरा दिया। इसी दौरान लूटपाट के दौरान लोकेश ने एक आरोपी को पहचान लिया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसे पकड़कर पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी मृतक का बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपी बाद में रेलवे पुल के पास एकत्र होकर लूटे गए सामान और रुपये का बंटवारा करने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराओं की बढ़ोतरी की है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सक्सेना, स्वाट प्रभारी नीरज कुमार सहित थाना नागल, एसओजी और सर्विलांस सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य