श्रवण शर्मा
गंगोह। पूर्व चेयरमैन एवं सांसद इमरान मसूद के भाई नोमान मसूद की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम ने रविवार को उनका सफल ऑपरेशन किया। मंगलवार को समाचार लिखे जाने तक वह गहन चिकित्सा देखरेख में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे थे।
नोमान मसूद के बेटे हमजा मसूद ने बताया कि 15 अगस्त को उनके पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें तत्काल सहारनपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों की टीम ने उनका ऑपरेशन किया, जो सफल रहा।
नोमान मसूद की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही उनके घर और अस्पताल में परिवारजनों के साथ समर्थकों का तांता लगा हुआ है। गंगोह क्षेत्र में भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। परिवारजन उनके साथ अस्पताल में मौजूद रहकर स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। समर्थकों द्वारा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए धार्मिक स्थलों पर मन्नतें भी मांगी जा रही हैं।








