अमित कुमार उपाध्याय
चिलकाना। क्षेत्र के गांव दौलतपुर में अज्ञात डंपर की टक्कर से गाय के बछड़े की मौत हो गई। हादसे में बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना मिलने पर गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता उसे उपचार के लिए लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश पवार ने बताया कि अज्ञात डंपर ने बछड़े को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद कार्यकर्ताओं ने बछड़े को बचाने के लिए उपचार कराया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। उन्होंने बताया कि डंपर और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जाएगी। फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान होने के बाद संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी।
हरीश पवार ने बताया कि गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने बछड़े का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया है। घटना के बाद डंपर की पहचान और कार्रवाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।








