25 हजार का इनामी गोकशी आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

बड़गांव पुलिस की कार्रवाई, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद; एक आरोपी फरार

शहरी चौपाल ब्यूरो

सहारनपुर। बड़गांव थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोकशी के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार रात चौकी प्रभारी मौरा पुलिस टीम के साथ ग्राम मोरा से जड़ौदा पांडा जाने वाले मार्ग पर हसनपुर लोटनी रजवाहा पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मोरा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार मोटरसाइकिल मोड़कर हसनपुर लोटनी की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

पुलिस का कहना है कि पीछा कर रही टीम को नजदीक आता देख आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल आरोपी की पहचान इंतजार उर्फ काका उर्फ इंसार पुत्र फुरकान निवासी सोनचिड़ा थाना नागल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह थाना बड़गांव में दर्ज मुकदमा संख्या 210/2026, धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार कॉम्बिंग कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गोकशी, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य