शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। ग्राम खैरसाल में तालाब की भूमि पर किए जा रहे निर्माण को प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। राजस्व विभाग की कार्रवाई के दौरान पुलिस फोर्स भी मौजूद रही। प्रशासनिक टीम को देखकर किसी ने कार्रवाई का विरोध नहीं किया।
जानकारी के अनुसार, गांव की एक महिला ने प्रशासन से शिकायत की थी कि खसरा संख्या 265 राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप था कि गांव का एक व्यक्ति तालाब की भूमि पर मकान का निर्माण करा रहा है। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य रुकवाने के लिए कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद निर्माण जारी रहा।
कानूनगो मदन सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य नहीं रुकने पर सोमवार को नायब तहसीलदार धर्मेंद्र सक्सेना के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम गांव पहुंची। टीम में पांच लेखपालों के साथ पुलिस बल भी शामिल था। प्रशासन ने बुलडोजर की सहायता से निर्माणाधीन मकान को ध्वस्त कर दिया।
अचानक हुई कार्रवाई से गांव में हलचल मच गई। पुलिस बल की मौजूदगी के चलते किसी ने कार्रवाई का विरोध नहीं किया। हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार उक्त जमीन गांव के ही किसी व्यक्ति से खरीदी गई थी। ग्रामीणों ने कहा कि तालाब की भूमि पर किसी भी तरह का कब्जा नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है।








