शहरी चौपाल ब्यूरो
सरसावा। थाना सरसावा क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में अवैध खनन से भरे भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों की पंचायत आयोजित हुई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन सामग्री से भरे वाहन गांव के रास्तों से गुजरने के दौरान खेतों में खड़ी फसलों और पोपलर के पेड़ों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। विरोध करने पर कथित रूप से विवाद और मारपीट की स्थिति उत्पन्न होने की बात भी ग्रामीणों ने कही।
गुरुवार को हुई पंचायत में ग्रामीणों ने बताया कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से गांव के रास्तों के साथ-साथ खेतों को भी नुकसान पहुंच रहा है। कई बार वाहनों की चपेट में आने से पोपलर के पेड़ टूटने का भी आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने कहा कि इस संबंध में संबंधित लोगों को रोकने का प्रयास करने पर उन्हें कथित दबंगई का सामना करना पड़ता है।
पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खनन सामग्री से भरे किसी भी वाहन को गांव के रास्तों से गुजरने नहीं दिया जाएगा। यदि कोई वाहन गांव के रास्ते से आता है तो उसे रोककर संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द किया जाएगा। ग्रामीणों ने पंचायत के निर्णय से संबंधित प्रार्थना पत्र थाना सरसावा प्रभारी को सौंपकर मामले से अवगत कराया।
पंचायत में जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा डायरेक्टर अमरीश राणा, मेनपाल, दिनेश, अरविंद, अरविंद बंसल, सुभाष राणा, ओमप्रकाश शर्मा, शेर सिंह, अधिवक्ता अनुज शर्मा, सहदेव राणा, अनुज बंसल, जयप्रकाश शर्मा, शेर सिंह शर्मा, सतीश शर्मा, मेघश्याम शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








