शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार के मुद्दों को लेकर भीम आर्मी का प्रदर्शन

कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान से कलेक्ट्रेट तक निकाली पदयात्रा, एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और गरीब मजदूरों को उचित मजदूरी दिलाने सहित विभिन्न जनहित की मांगों को लेकर आज भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं और आमजन ने प्रदर्शन किया। जिला प्रभारी सन्नी गौतम के नेतृत्व में कार्यकताओं ने आज रामलीला मैदान से पदयात्रा करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में जिला अस्पताल में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ सीटी स्कैन, एमआरआई, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं नियमित रूप से जरूरत के अनुसार 24 घंटे उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही मरीजों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही पर रोक लगाने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कक्षा एक से आठ तक के सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और शिक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने की मांग भी की। उन्होंने गरीब और अमीर के बच्चों को समान एवं बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके अलावा गरीब मजदूरों को उचित मजदूरी दिलाने तथा कम मजदूरी देकर किए जा रहे आर्थिक शोषण पर रोक लगाने की मांग की गई। इस अवसर पर जिला प्रभारी सन्नी गौतम ने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा और रोजगार आम जनता के मूल अधिकारों से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं। इन मांगों को केवल ज्ञापन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि सरकार और प्रशासन द्वारा जल्द ठोस कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन एक सप्ताह बाद बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि संगठन का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गरीब, मजदूर, विद्यार्थी और आम जनता के अधिकारों के लिए है। भीम आर्मी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनता की आवाज उठाती रहेगी और जनहित के मुद्दों का ठोस समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन में सौर्य अम्बेडकर जिलाध्यक्ष, मोहतरम अली, अनिकेत गौतम, प्रदीप गौतम, विपुल तलहेड़ी, अजीत बाबरे, रमेश राज गौतम, वासित मलिक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य