शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर विकास एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, परियोजनाओं और कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
डीएम ने आबकारी, स्टाम्प, परिवहन, स्वास्थ्य, विकास, बाल विकास, समाज कल्याण, विद्युत, तकनीकी शिक्षा, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए खराब रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाकर सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग बेहतर करने तथा सर्वोच्च रैंकिंग प्राप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पोर्टल पर योजनाओं और कार्यों से संबंधित सही एवं अद्यतन डाटा समय से फीड किया जाए।
उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल और जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
डीएम ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने तथा शासन के निर्देशों एवं उच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डैशबोर्ड की महत्ता को समझते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सलिल कुमार पटेल, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








