डीएम ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

मेस, छात्रावास, कक्षाओं, पेयजल व खेल सुविधाओं का लिया जायजा, विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शुक्रवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मिर्जापुर, अम्बेहटा चांद का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय, भोजन, पेयजल और खेल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध व्यवस्थाओं को अभिभावक की तरह स्वयं परखा और विद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने सबसे पहले मेस किचन का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता जांचने के साथ खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट और फ्रिज में रखी सामग्री का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन मिले और मेस हमेशा साफ-सुथरा व व्यवस्थित रखा जाए। खाद्य सामग्री की खरीद, भंडारण और भोजन तैयार करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए पानी की नियमित जांच कराने और उसकी रिपोर्ट के लिए अलग रजिस्टर रखने का सुझाव दिया। बालक-बालिका छात्रावासों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, कमरों और अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी तथा व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने को कहा।

कक्षाओं में पहुंचकर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी कॉपियां देखकर पढ़ाई की स्थिति जानी। कक्षा छह के नवप्रवेशित विद्यार्थियों से उन्होंने घर-परिवार और पढ़ाई को लेकर आत्मीय संवाद किया तथा उन्हें मेहनत, अनुशासन और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य राजकुमार गौतम ने बताया कि गत वर्ष विद्यालय के नौ विद्यार्थियों का आईआईटी और दो विद्यार्थियों का नीट में चयन हुआ। डीएम ने इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने खेल गतिविधियों की भी जानकारी ली। बताया गया कि 13 विद्यार्थी ताइक्वांडो और दो विद्यार्थी हैंडबॉल में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने के लिए गए हैं।

विद्यालय में करीब 305 मीटर क्षतिग्रस्त सीसी रोड की जानकारी मिलने पर डीएम ने प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरण यादव से विद्यालय की व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए अन्य विद्यालयों में भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। डीएम के आत्मीय संवाद से छात्र-छात्राओं में उत्साह का संचार हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य