इमराना हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, प्रेमी निकला हत्यारा

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेस वार्ता में दी घटना की पूरी जानकारी, गागलहेड़ी पुलिस ने शमशाद को किया गिरफ्तार

श्रीकान्त शर्मा 

सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में हुई इमराना हत्याकांड की घटना का खुलासा करते हुए पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या की घटना में वांछित अभियुक्त शमशाद पुत्र निजामुद्दीन निवासी मवी खेड़ा खुर्द, थाना सदर बाजार को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सरिया, मोटरसाइकिल और मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एसपी सिटी ने बताया कि 14 अगस्त 2026 को थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के ग्राम नांगल अहीर के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। बाद में मृतका की पहचान इमराना पत्नी वाजिद निवासी खेड़ा मवी खुर्द के रूप में हुई। मामले में पहले केसर निवासी बहेड़ी गुर्जर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज तथा संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर शमशाद का नाम सामने आया।

पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर गागलहेड़ी पुलिस ने शमशाद को हरौड़ा कट से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि इमराना से उसके पिछले करीब सात-आठ महीने से संबंध थे। पुलिस के मुताबिक, पैसों को लेकर दबाव और इमराना के दूसरे व्यक्ति से संपर्क को लेकर वह परेशान था। इसी के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने बताया कि 13 अगस्त की शाम वह इमराना को मोटरसाइकिल पर लेकर नांगल अहीर के रास्ते स्थित जंगल में पहुंचा। वहां उसने सरिया से इमराना के सिर और चेहरे पर वार किए और उसकी मौत होने के बाद शव को नाले में धकेल दिया। इसके बाद मृतका का मोबाइल फोन तोड़कर सरिये के साथ तालाब में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त ने अपनी मोटरसाइकिल की पहचान छिपाने के लिए उसके हैंडल पर लगे शीशे उतार दिए थे तथा लाल सीट पर काले रंग का कवर चढ़ा दिया था। पूछताछ में उसने यह भी बताया कि उसने ऐसी जगह घटना को अंजाम दिया, जिससे शक दूसरे व्यक्ति पर जा सके।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर घटना का सफल अनावरण किया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार, व0उ0नि0 अतुल कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ यादव, सुभाष चन्द्र, शिवम चौधरी, सतीश रौसा सहित हेड कांस्टेबल इरशाद, चालक धीरज कुमार, कांस्टेबल सुशान्त कपिल, नरदेव कुमार, अनुज कुमार, कपिल कुमार और महिला हेड कांस्टेबल नीतू शामिल रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य