शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नकुड़ पुलिस ने मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटे गए रुपये, आधार कार्ड और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार सुबह थाना नकुड़ पुलिस टीम फंदपुरी-नकुड़ रोड पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान ग्राम जलालपुर की ओर से मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे संदिग्ध मानते हुए टॉर्च की रोशनी दिखाकर रोकने और पूछताछ का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मोटरसाइकिल सवार ने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और तेज गति से जलालपुर की ओर भागने लगा।
मोटरसाइकिल फिसलने के बाद पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक भागने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
घायल आरोपी की पहचान मोहम्मद अली पुत्र नसीर निवासी ग्राम मल्ला माजरा, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाना नकुड़ में दर्ज मु0अ0सं0 427/2026, धारा 309(4) बीएनएस के मुकदमे में वांछित था।
तमंचा और लूटे गए 10 हजार रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर, लूटे गए 10 हजार रुपये, एक आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में नकबजनी एवं आर्म्स एक्ट समेत संगीन धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
घायल आरोपी को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।








