शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर की खराब स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और नागरिकों की बढ़ती शिकायतों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त शिपू गिरि की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, नगर निगम के विद्युत विभाग तथा कार्यदायी संस्था ईईएसएल (EESL) के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कार्यकारिणी एवं पार्षदों द्वारा उठाई गई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। नगर निगम के विद्युत विभाग द्वारा स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के दौरान घटिया गुणवत्ता वाले स्पेयर पार्ट्स के इस्तेमाल की शिकायतों पर संबंधित अभियंताओं को चेतावनी दी गई। वहीं नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ अनुचित एवं अभद्र व्यवहार की शिकायतों पर भी नाराजगी जताते हुए व्यवहार में सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
नुमाइश कैंप जोन-1, हकीकत नगर जोन-2 और मनोहरपुर जोन-3 के 18 वार्डों में कराए गए संयुक्त सर्वे में करीब 30 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें बंद मिलीं। नगर आयुक्त ने EESL और विद्युत विभाग को समन्वय बनाकर इन लाइटों को सात से 15 दिन के भीतर अनिवार्य रूप से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शत-प्रतिशत ज्वाइंट वेरिफिकेशन में स्ट्रीट लाइटें सुचारु रूप से संचालित पाए जाने तक EESL के ओएंडएम भुगतान पर रोक जारी रहेगी। साथ ही EESL को तीनों जोन में स्पेयर पार्ट्स के लिए स्थानीय वेयरहाउस स्थापित करने और प्रत्येक जोन में एक-एक समर्पित नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पुरानी और अप्रचलित स्ट्रीट लाइटों को CCMS/ILMS तकनीक आधारित आधुनिक स्मार्ट लाइटों से बदलने के लिए नया प्रस्ताव भी 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर लापरवाह अधिकारियों और संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था और संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।








