सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने में जुटें अधिकारी, विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

मंडलायुक्त ने विकास, राजस्व और कानून व्यवस्था की समीक्षा की; त्योहारों को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों, कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों, चकबंदी तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीआईजी अभिषेक सिंह सहित सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के पुलिस अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। मंडलायुक्त ने विभिन्न योजनाओं में खराब रैंकिंग पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार कर रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने कहा कि जिन विभागों को सीएम डैशबोर्ड पर डी और सी श्रेणी मिली है, वे विशेष प्रयास कर अपनी रैंकिंग को उच्चतम श्रेणी में लाएं। ए श्रेणी वाले विभाग अपनी रैंकिंग बरकरार रखें। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने तथा पिछड़े विकासखंडों में योजनाओं से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने रोपित पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग जल्द कराने और उनकी सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने के निर्देश दिए। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के निष्प्रयोज्य शिक्षण भवनों को एक सप्ताह के भीतर ध्वस्त कराने को कहा। मिशन सेफ फ्यूचर के तहत स्कूली वाहन चालकों का शत-प्रतिशत चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर उनके साथ संवाद स्थापित करने और सकारात्मक माहौल बनाने पर जोर दिया।

मंडलायुक्त ने सरकारी एवं अर्धसरकारी भवनों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत एंटीलार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान युद्धस्तर पर चलाने को कहा। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए और बेहतर फीडबैक नहीं मिलने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें।

राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने तीन से पांच वर्ष पुराने राजस्व वादों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा चारागाह की भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने को कहा।

कानून व्यवस्था की समीक्षा में आगामी बारावफात, रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। रक्षाबंधन पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाने तथा रोडवेज चालकों का सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए।

डीआईजी अभिषेक सिंह ने बारावफात के मद्देनजर उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रक्षाबंधन के दौरान चोरी करने वाले गिरोहों पर विशेष निगरानी रखने तथा त्योहारों में बढ़ने वाले आवागमन को देखते हुए बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा, जिलाधिकारी शामली आलोक कुमार, सीडीओ सहारनपुर सुमित राजेश महाजन सहित तीनों जनपदों के अधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनन्दन, एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा और एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य