स्वर्णिम भारत के निर्माण में पत्रकारों की भूमिका अहम : हरि भाई भानुशाली | सहारनपुर में पत्रकार सम्मान समारोह

सहारनपुर में ब्रह्माकुमारीज एवं दिव्य शक्ति अखाड़ा के संयुक्त आयोजन में स्वर्णिम भारत के निर्माण में पत्रकारों की भूमिका पर गोष्ठी हुई। हरि भाई भानुशाली ने सकारात्मक पत्रकारिता का आह्वान किया। पत्रकारों को महर्षि नारद सम्मान एवं पत्रकार अलंकरण से सम्मानित किया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। नवीन नगर स्थित ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय एवं दिव्य शक्ति अखाड़ा सहारनपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्वर्णिम भारत के निर्माण में पत्रकारों की भूमिका’ विषय पर गोष्ठी, महर्षि नारद सम्मान एवं पत्रकार अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों से सकारात्मक सोच और रचनात्मक पत्रकारिता के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर पत्रकारों सहित उपस्थित सभी भाइयों को रक्षाबंधन सूत्र बांधकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजयोगी तपस्वी ब्रह्माकुमार हरि भाई भानुशाली ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा बाबा सदैव व्यक्ति को पहले स्वयं में परिवर्तन लाने की प्रेरणा देते थे। यदि मनुष्य अपने अवगुणों को दूर कर नकारात्मक सोच का त्याग करे और सकारात्मक विचारों को अपनाए तथा उनके प्रकाश को पूरे विश्व में फैलाने का प्रयास करे, तभी भारत को वास्तविक अर्थों में स्वर्णिम भारत बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक विचारों, जागरूकता और अच्छे संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पत्रकार समाचार पत्रों, टेलीविजन, यूट्यूब तथा अन्य संचार माध्यमों के जरिए समाज को जागरूक करने के साथ ही सकारात्मक विचारों को व्यापक स्तर पर पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और जनचेतना पैदा करने का भी प्रभावी माध्यम है।

दिव्य शक्ति अखाड़े के संचालक आचार्य महामंडलेश्वर संतकमल किशोर ने पत्रकारों को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। जनता पत्रकारों की बात पर विश्वास करती है और पत्रकारों की कलम से अनेक महत्वपूर्ण बदलाव और क्रांतियां जन्म ले चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। यदि पत्रकार नकारात्मक सोच से हटकर सकारात्मक क्रांति की दिशा में कार्य करें तो समाज के उत्थान में उनकी भूमिका और अधिक प्रभावी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ सकारात्मक एवं प्रेरणादायी कार्यों को भी सामने लाना चाहिए, ताकि समाज में अच्छे कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिले और अन्य लोग भी उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने पत्रकारिता को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए सकारात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर दिया।

ब्रह्माकुमारीज सहारनपुर क्षेत्र की संचालिका रानी बहन ने उपस्थित लोगों को ब्रह्माकुमारीज केंद्र पर आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि के स्मृति दिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित किए जा रहे रक्तदान कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और सकारात्मकता का संदेश पहुंचाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को रक्षाबंधन सूत्र बांधे गए तथा उन्हें सौगात स्वरूप भेंट प्रदान की गई। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों के लिए ब्रह्माभोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का संचालन शक्ति दीदी ने किया।

समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए पत्रकारों को महर्षि नारद सम्मान एवं पत्रकार अलंकरण से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले पत्रकारों ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सुरेश निंजावान, मनीषा, गुरु माता अनीता, प्रवेश धवन, साहित्यकार रमेश चंद छबीला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए आध्यात्मिक मूल्यों और पत्रकारिता की शक्ति को साथ लेकर आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य