श्रवण शर्मा
गंगोह । शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़कर विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री विद्यार्थियों से दो-तरफा संवाद करते हुए खेल, युवा शक्ति और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से जनपद स्तर पर तीन संस्थानों का चयन किया गया है, जिसमें शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह को ‘ए’ श्रेणी में स्थान दिया गया है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल होंगे। खिलाड़ी अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को खेल, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और सफलता के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू ने कहा कि विश्वविद्यालय युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। खेल एवं युवा गतिविधियां विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को भी अपने अनुभव साझा करने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में आमंत्रित किया जाएगा।
कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महीपाल सिंह ने कहा कि 27 अगस्त का कार्यक्रम विद्यार्थियों और युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें सहभागिता करें और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले।
डीन हेल्थ साइंस प्रो. (डॉ.) रणजीत सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास में सहायक होती है। विश्वविद्यालय ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
खेल समन्वयक प्रदीप शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़ने, विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाने तथा युवा शक्ति को सकारात्मक एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में लगाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं से 27 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवेश प्रभारी डॉ. अनिल रॉयल सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।








