शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की नवीन नगर शाखा की ओर से ‘भ्रष्टाचार मुक्त भारत- विकसित भारत’ थीम पर सतर्कता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महर्षि दयानंद स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करते हुए ईमानदारी एवं पारदर्शिता के महत्व को समझाना रहा।
स्कूल के प्रधानाचार्य सुधीर चौहान के नेतृत्व में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में पहुंचे। बैंक के विजिलेंस अधिकारी सुरेंद्र रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सतर्कता ही समृद्धि का आधार है। कार्यों में पारदर्शिता और ईमानदारी अपनाकर भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं ईमानदारी का पालन करने के साथ परिवार और समाज को भी भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
सीनियर मैनेजर रिंकू लाल ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है। बैंक अपने ग्राहकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल फ्रॉड से बचने के लिए सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने की जानकारी दी।
प्रधानाचार्य सुधीर चौहान ने बैंक प्रबंधन का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बचपन से ही ईमानदारी, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित होने से समाज को मजबूत आधार मिलता है।
कार्यक्रम के समापन पर बैंक अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सतर्कता की शपथ दिलाई गई। सभी ने भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और ईमानदारी एवं पारदर्शिता को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।








