शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । हॉकी के महान खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शनिवार को बाजोरिया इंटर कॉलेज में बालक एवं बालिका हॉकी प्रतियोगिता आयोजित कर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चौ. नीरपाल सिंह ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इसके बाद चौ. नीरपाल सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और खेल उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनका जन्मदिन हमें खेलों के प्रति समर्पण और मेहनत की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ अनुशासन भी सिखाता है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और लगन के बल पर वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने बताया कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया आयोजित होने के कारण इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस का कार्यक्रम बाजोरिया इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी प्रवीण कुमार, बाजोरिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजीव रंजन, हॉकी कोच लाल धर्मेंद्र, सुधीर कुमार, मेनका टांक सहित खेल विभाग एवं विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।








