रिपोर्ट अभय चौधरी
सरसावा। श्री शक्तिपीठ वैष्णो धाम हनुमान मंदिर से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का 20 सदस्यीय जत्था पैदल यात्रा पर रवाना हुआ। फूल-मालाओं से सजी माता की भव्य झांकी के साथ श्रद्धालु माता के भजनों का गुणगान करते हुए निकले। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं का लोगों ने स्वागत किया।
प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी संजय जी महाराज के सानिध्य में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए जम्मू-कटरा स्थित माता वैष्णो देवी के दरबार पहुंचेंगे। जत्थे के रवाना होने के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और श्रद्धालु समर्थकों की भारी भीड़ रही। माता के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के साथ शाहजहांपुर यमुना पुल तक बड़ी संख्या में लोग पैदल चलते नजर आए। श्रद्धालुओं में माता के दर्शन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। शाहजहांपुर स्थित टाटा मोटर्स पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर थाना सरसावा पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस टीम ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करने का संकल्प लिया। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा से क्षेत्र का माहौल भी भक्तिमय नजर आया।








