शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुहैल अख्तर अंसारी ने भाजपा पर अल्पसंख्यक विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने कभी भी अल्पसंख्यक वर्ग को उचित सम्मान देने का काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जो हर धर्म, जाति और समाज के लोगों को सम्मान देने में विश्वास रखती है। इसी विचारधारा के आधार पर कांग्रेस वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना राजनीतिक वनवास समाप्त कर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष सुहैल अख्तर अंसारी शनिवार को कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष जावेद साबरी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 40 वर्षों में प्रदेश में रही गैर-कांग्रेसी सरकारों ने उत्तर प्रदेश को विकास के बजाय विनाश और पिछड़ेपन की ओर धकेला है। आज प्रदेश का प्रत्येक वर्ग आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है तथा भाजपा सरकार से निजात चाहता है।
उन्होंने दावा किया कि जनता अब कांग्रेस की नीतियों और पूर्व में कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल को याद कर पार्टी से जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की परिस्थितियों को बदलने के लिए कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है। छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सांसद राहुल गांधी ने जिस प्रकार छात्रों के मुद्दों पर उनका साथ दिया, उससे युवाओं सहित विभिन्न वर्गों में कांग्रेस के प्रति विश्वास बढ़ा है।
अंसारी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में अल्पसंख्यकों, विशेषकर मुस्लिम समाज को सम्मान देने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में अल्पसंख्यक समाज के लोगों को महत्वपूर्ण संवैधानिक पदों तक पहुंचने का अवसर मिला।
प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के लघु एवं कुटीर उद्योगों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में छोटे उद्योग बर्बादी के कगार पर हैं, जबकि देश की आर्थिक व्यवस्था पर कुछ बड़े औद्योगिक घरानों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। सांसद इमरान मसूद और विधायक आशु मलिक को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इमरान मसूद सांसद हैं और आशु मलिक से वरिष्ठ हैं। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर कुछ मतभेद हो सकते हैं, लेकिन पार्टी की विचारधारा सभी की एक है और इसी विचारधारा के आधार पर कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सत्ता हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष मुजफ्फर अली, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी सोनू पठान, जिला अध्यक्ष गुलशेर आलम शाह, अशरफ वसी, वसीम अहमद रिजवी, शाहिद अंसारी, शाहनवाज खान सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








