शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। तकिया प्रकरण को लेकर पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर के नेतृत्व में पार्षद दल ने तकिया क्षेत्र का दौरा कर पीड़ित पक्ष से मुलाकात की। पार्षदों ने दोनों समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए लोगों को आपस में लड़ाकर राजनीति करना चाहते हैं। ऐसे लोगों से शहरवासियों को सावधान रहने की जरूरत है।
पार्षद मंसूर बदर ने कहा कि दो मोटरसाइकिलों की टक्कर की घटना को राजनीतिक रंग देकर शहर की फिजा खराब करने का प्रयास नहीं होना चाहिए। नगर की शांति और सांप्रदायिक सौहार्द से खिलवाड़ करने वालों का डटकर मुकाबला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में यदि कोई निर्दोष व्यक्ति कार्रवाई की चपेट में आता है तो पार्षद दल उसकी पूरी कानूनी मदद करेगा।
पार्षद समीर अंसारी और आसिफ अंसारी ने कहा कि किसी भी मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। एकतरफा कार्रवाई का पार्षद दल जमकर विरोध करेगा। वहीं पार्षद सईद सिद्दीकी, इज़हार मंसूरी और महमूद हसन ने कहा कि समाज में लोगों के बीच प्रेम और भाईचारा बढ़ाने की आवश्यकता है, न कि आपसी विवाद को बढ़ावा देने की।
पार्षद रईस पप्पू, गुलज़ेब खान और जफर अंसारी ने लोगों से अपील की कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों से सावधान रहें और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। पार्षद दल ने पीड़ित पक्ष के साथ मिलकर कानूनी लड़ाई में सहयोग करने तथा प्रशासन से मुलाकात कर निष्पक्ष कार्रवाई कराने की बात कही।
इस दौरान पार्षद डॉ. मंसूर और पार्षद मेनपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पार्षद दल ने क्षेत्रवासियों से संयम बनाए रखने और प्रशासन की जांच में सहयोग करने की अपील की।








