शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पिलखनी स्थित राधास्वामी सत्संग ब्यास में 3 सितंबर तक आयोजित होने वाले बाबा गुरविन्दर सिंह ढिल्लों जी एवं हजूर जसदीप गिल जी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार को जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, यातायात संचालन, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही लगातार सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम एवं एसएसपी ने कहा कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस अवसर पर एसपी देहात मयंक पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








