शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन इंडिया का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष जावेद साबरी एवं महासचिव राकेश शर्मा के नेतृत्व में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री एवं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार किए जाने तथा उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। साथ ही फतेहउल्लापुर उर्फ जाटोवाला स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज तक सुरक्षित आवागमन के लिए नदी पर स्थायी पुल तथा सहारनपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाने की मांग भी की।
अध्यक्ष जावेद साबरी ने कहा कि एसोसिएशन पिछले करीब 40 वर्षों से खेल और खिलाड़ियों के हितों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इमरान खान पूर्व प्रधानमंत्री के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और विश्वविजेता पाकिस्तानी टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। ऐसे में उनके साथ मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने आदियाला जेल में चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने की खबरों पर चिंता जताई।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव समेत 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों द्वारा भी इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार किए जाने की अपील की गई है। जावेद साबरी ने कहा कि खेल जगत से जुड़े लोगों का दायित्व खिलाड़ियों से जुड़े मानवीय मुद्दों पर भी आवाज उठाना है।
महासचिव राकेश शर्मा एवं सत्येंद्र पाल सिंह बिट्टू ने सहारनपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। एसोसिएशन पूर्व में कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, रवि शास्त्री, मनोज प्रभाकर और वकार यूनुस समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सहारनपुर बुलाकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं खेल संबंधी टिप्स दिला चुकी है।
प्रतिनिधिमंडल ने फतेहउल्लापुर उर्फ जाटोवाला स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज की समस्या भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। बताया गया कि कॉलेज तक पहुंचने के लिए नदी पर बनाया गया रपटा पानी में बह गया है, जिससे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। एसोसिएशन ने रपटे के निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा भविष्य में समस्या से निजात के लिए नदी पर स्थायी पुल बनाने की मांग की।
इस अवसर पर राजीव पाठक, दीपक जाटव, महेश शर्मा, तेजपाल सिंह, रजनीश चढ़ा, गुलशन मिड्ढा, नरेश कुमार, दिनेश अरोड़ा, गुरदीप दत्ता, राकेश बिल्ला, रमेश मोहन, अवनीश मनदोलिया, केतन विरमानी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।इद रहे।








