Saharanpur News: चिलकाना में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर गोकश घायल गिरफ्तार; तमंचा और जिंदा गोवंश बरामद

चिलकाना में गोकशी के प्रयास के दौरान पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर दिलशाद उर्फ कल्लू घायल गिरफ्तार। तमंचा, कारतूस, जिंदा गोवंश और उपकरण बरामद।

अमित कुमार उपाध्याय 

सहारनपुर। थाना चिलकाना पुलिस ने गोकशी के प्रयास की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश तथा गोकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 की रात चिलकाना पुलिस टीम नल्हेड़ा से सलीरी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सलीरी के जंगल में ईख के खेत में कुछ लोग गोकशी का प्रयास कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो खेत में दो व्यक्ति दिखाई दिए।

पुलिस का दावा है कि टीम ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग की जा रही है।

घायल आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ कल्लू पुत्र जाहिद निवासी ग्राम चौराखुर्द, थाना चिलकाना, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, जिंदा गोवंश और गोकशी करने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ थाना चिलकाना में गोकशी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य