शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में आज दोपहर देहरादून चैक से घंटाघर के बीच एक रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गई। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि इरशाद झलका गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोडवेज बस देहरादून चैक से घंटाघर की ओर आ रही थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर गलत दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रहे वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय निवासी सऊद खान, विकास और टीटू ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई। वहीं कुछ लोगों ने बस के ब्रेक फेल होने की संभावना भी व्यक्त की। हालांकि, इन आशंकाओं की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद देहरादून चैक से घंटाघर तक लंबा जाम लग गया। अंबाला रोड स्थित राधा स्वामी सत्संग में कार्यक्रम के चलते मार्ग पर पहले से ही यातायात का दबाव था। सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। सत्संग के सेवादारों की मदद से यातायात को नियंत्रित किया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग सुचारू कराया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।








