सहारनपुर। शराब के ठेकों के आसपास अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ सहारनपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि मौके से 9 मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों को थाने से चेतावनी देने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, शराब के ठेकों के आसपास होने वाली आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जनपद में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 अगस्त 2026 को थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम ने शराब के ठेकों के आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
प्रभारी निरीक्षक गागलहेड़ी धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठेकों के आसपास अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से कुल 17 लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, सभी को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई और बाद में उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने मौके पर मिली 9 मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। सीज किए गए वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया गया है और उनके संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सीज वाहनों में एक बुलेट, कई स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें, एक एक्सेस स्कूटर और अन्य दोपहिया वाहन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार वाहनों में UK08BE0238, UP11CD5607, UP11BL2103, UK17W2922, UP11CZ4121, UP11CW4754, UP11BX1034, UP11G6182 तथा बिना नंबर की I-SMART HERO मोटरसाइकिल शामिल है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब के ठेकों के आसपास खुले में शराब पीने-पिलाने की गतिविधियों से कई बार विवाद, असामाजिक गतिविधियों और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति पैदा होती है। ऐसे में इन स्थानों पर लगातार निगरानी और चेकिंग की जा रही है।
अभियान में प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अतुल कुमार, उपनिरीक्षक सौरभ यादव, उपनिरीक्षक सुभाषचन्द्र, उपनिरीक्षक शिव कुमार, हेड कांस्टेबल निशान्त चौधरी और कांस्टेबल कपिल कुमार शामिल रहे।
सहारनपुर पुलिस की ओर से शराब के ठेकों के आसपास अवैध रूप से शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।








