श्री कांत शर्मा
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर पायस एजुकेशनल ग्रुप गागलहेड़ी में जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। ग्रुप के अंतर्गत संचालित मोन्ट फोर्ट स्कूल एवं पीजी पायस इंटर कॉलेज में भव्य दही मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साह, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
25 फीट ऊंची मटकी फोड़कर दिखाया दम
मोन्ट फोर्ट स्कूल में विद्यालय परिसर में करीब 25 फीट ऊंची दही मटकी बांधी गई। कन्हैया बने विद्यार्थियों की टीम ने मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने में सफलता हासिल की। वहीं छात्राओं की राधा रानी टीम ने भी करीब 20 फीट ऊंची दही मटकी फोड़कर अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। मटकी फूटते ही विद्यालय परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद विद्यार्थियों को प्रसाद वितरित किया गया।
पीजी पायस इंटर कॉलेज में भी गूंजे जयकारे
पीजी पायस इंटर कॉलेज में भी जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उमंग के साथ मनाया गया। यहां करीब 25 फीट ऊंची दही मटकी बांधी गई, जिसे कन्हैया बने विद्यार्थियों ने मानव पिरामिड बनाकर फोड़ा। मटकी फूटते ही विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्र-छात्राओं ने ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के बाद प्रसाद का वितरण किया गया।
अनुशासन और टीम भावना का दिया संदेश
दोनों संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के प्रति श्रद्धा के साथ अनुशासन, सहयोग, एकता और टीम भावना देखने को मिली। जन्माष्टमी कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम के अवसर पर पायस एजुकेशनल ग्रुप के सचिव हर्षित गर्ग एवं मोन्ट फोर्ट स्कूल की प्रधानाचार्या चारू जैन ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, कर्मयोग, प्रेम, मित्रता, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रेम, भाईचारा, एकता, सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने और पर्वों को प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया।
पायस एजुकेशनल ग्रुप के दोनों संस्थानों में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव विद्यार्थियों के उत्साह, उमंग, अनुशासन और सांस्कृतिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।








