शहरी चौपाल ब्यूरो
नागल (सहारनपुर)। शनिवार को कस्बे के एक बैंकट हॉल में आयोजित कार्यकर्ताओं की जनसभा को संबोधित करते हुए किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि किसान मजदूर तथा अन्य वर्गों की समस्याओं को लेकर 21 सितंबर को शुरू होने वाली किसान मजदूर हक अधिकार पदयात्रा ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि पदयात्रा मां शाकंभरी देवी से शुरू होकर राजधानी दिल्ली पहुंचकर केंद्र सरकार को आईना दिखाने का काम करेगी ।उन्होंने कहा कि आज किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल रहा है। सरकार द्वारा निर्धारित गन्ने का भाव निजी बाजारों से बहुत कम है और अनेक परियोजनाएं दिखाकर केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार किसानों की भूमि अधिग्रहण करके उन्हें भूमिहीन बनाना चाहती है ,केंद्र सरकार का अमेरिका के साथ कृषि डील किसानों के हित में नहीं है ।चीनी मील निर्धारित समय के अनुसार उनके गन्ने का भुगतान नहीं कर रही है। यह सब सरकार की कमजोरी है। सरकार किसान विरोधी नीतियां अपनाकर उनका शोषण करने का काम कर रही है। सरकार उद्योगपतियों के हितों की रक्षा कर रही है हर विभागों का निजीकरण करके अपना स्वार्थ सिद्ध करना चाहती है। इन सभी समस्याओं को लेकर संगठन के सभी कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान चलाकर 21 सितंबर को शुरू होने वाली किसान मजदूर हक अधिकार पदयात्रा को सफल ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक बनाने का काम करेंगे। कार्यक्रम में पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सैनी, जिला अध्यक्ष चौधरीअजब सिंह, कुलदीप राणा, रवि सैनी, जावेद, लोकेश राणा, रोहित सैनी, मिंटू सैनी, कन्हैया राणा, पुष्पेंद्र राना, नीरज राणा, दीपक राणा आदि मौजूद रहे।








