Saharanpur News: 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, लूट का मोबाइल और तमंचा बरामद

सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रहीम उर्फ नन्ने को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटा मोबाइल, नकदी और बाइक बरामद हुई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के बाद लूट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम थाना कुतुबशेर पुलिस टीम बाबूपुर पुलिया, अंबाला रोड पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुम्हारहेड़ा नहर पटरी की ओर से मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो ग्राम ईकड़ी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा कांबिंग की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल रहीम उर्फ नन्ने पुत्र नूरहसन निवासी मोहल्ला अफगानान, थाना तीतरों, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी थाना कुतुबशेर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 404/2026, धारा 309(4) बीएनएस में वांछित था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा एवं एक खोखा कारतूस .315 बोर, लूटा गया एक मोबाइल फोन, 2,110 रुपये नकद तथा बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, अब्दुल रहीम शातिर किस्म का अपराधी है और थाना तीतरों का प्रचलित हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके खिलाफ सहारनपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और जानलेवा हमले जैसे संगीन अपराधों के कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य