शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जयपुर के जगतपुरा स्थित ओएसिस (OASES) शूटिंग रेंज में आयोजित 45वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में सहारनपुर की होनहार निशानेबाज गरिमा निम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने ट्रैप कैटेगरी की विमेन जूनियर स्पर्धा में बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की और जिले का नाम रोशन किया।
गरिमा की इस सफलता की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। सहारनपुर स्थित उनके आवास पर बधाई देने के लिए क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों का पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने गरिमा को पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर गरिमा के पिता एवं विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि एक पिता के लिए अपनी बेटी को सफलता के मुकाम पर देखना सबसे बड़ा सुख है। गरिमा का फोकस और दिन-रात की कड़ी मेहनत आज रजत पदक के रूप में सामने आई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों द्वारा दिए गए स्नेह और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों का यह प्यार गरिमा को भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
आवास पर मौजूद लोगों ने गरिमा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश और सहारनपुर का नाम रोशन करेंगी।








