शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। एमएसएमई विकास कार्यालय आगरा, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार तथा इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय विक्रेता विकास कार्यक्रम-2026 सह-औद्योगिक प्रदर्शनी का मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित रंगोली गार्डन में भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा स्थानीय उद्यमियों को नए बाजार और व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
समारोह में एमएसएमई विकास कार्यालय आगरा और आईआईए सहारनपुर चैप्टर के पदाधिकारियों ने नगर विधायक राजीव गुंबर, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि एमएसएमई उत्तर प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम सरकार और उद्योग जगत के बीच प्रभावी सेतु का कार्य करते हैं। इनके माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को बड़े खरीदारों, सरकारी विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर के उद्यमियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाने की पूरी क्षमता है।
रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उद्योगों को नए बाजार, अवसर और पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विक्रेता विकास कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को बड़े खरीदारों और सरकारी संस्थानों के साथ सीधे संवाद का मंच मिला है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने कहा कि यह आयोजन केवल औद्योगिक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उद्यमियों को नए खरीदारों और बाजारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बना है। स्थानीय उद्योग मजबूत होंगे तो सहारनपुर भी अधिक मजबूत और आत्मनिर्भर बनेगा।
एमएसएमई विकास कार्यालय आगरा के सहायक निदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों को बड़े खरीदारों, सरकारी विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से जोड़ना तथा उन्हें नए बाजार एवं व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराना था। सहायक निदेशक जितेंद्र कुमार यादव ने उद्यमियों को केंद्र सरकार की विभिन्न एमएसएमई योजनाओं की जानकारी दी। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एमएसएमई देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सहारनपुर जैसे औद्योगिक शहरों में स्थानीय इकाइयों को बड़े खरीदारों और सरकारी संस्थानों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन बेहद उपयोगी हैं।
आईआईए चैप्टर चेयरमैन एस. कुमार अरोड़ा ने कहा कि आईआईए भविष्य में भी उद्यमियों को नए बाजार, तकनीक और व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रखेगा तथा इस प्रकार की औद्योगिक प्रदर्शनियों के आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। कंवीनर आर.के. धवन ने कार्यक्रम की सफलता के लिए उद्यमियों, विभागों और वित्तीय संस्थानों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर नगर विधायक राजीव गुंबर और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने विक्रेता विकास कार्यक्रम-सह-औद्योगिक प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले उद्यमियों एवं प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं एमएसएमई विकास कार्यालय और आईआईए सहारनपुर चैप्टर की ओर से गणमान्य अतिथियों को आईआईए का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, अशोक अग्रवाल, पूर्व चैप्टर चेयरमैन अशोक बजाज, अशोक गांधी, अनूप खन्ना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश अरोड़ा, चैप्टर सचिव अनुज कुमार जैन, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मोहन कालड़ा, को-कंवीनर परमजीत सिंह, शिवम गोयल, अशोक छाबड़ा, अरविंद खन्ना, दर्शन कुमार गुप्ता, सुषमा बजाज, ऋषभ अग्रवाल, नवीन टक्कर, भारती भानू, अविनाश अरोड़ा, राजेश गुप्ता, विकास मलिक, डी.के. बसल, श्रवण गोयल, साजन परौथी, सुनील वर्मा, वरुण चोपड़ा, साजिद बक्शी, मौ. आबिद, पुनीत कुमार, नौशाद अली, संजय यादव, मुजाहिद सहित बड़ी संख्या में उद्यमी और आईआईए पदाधिकारी मौजूद रहे।








