साक्षरता दिवस पर बच्चों ने लिया अभिभावकों को पढ़ाने का संकल्प

बाल वाटिका में कहानी सुनाओ कार्यक्रम, पोस्टर प्रतियोगिता और जागरूकता रैली का आयोजन

शहरी चौपाल ब्यूरो 

छुटमलपुर (सहारनपुर)। प्राथमिक विद्यालय छुटमलपुर नंबर-2, ब्लॉक मुजफ्फराबाद में मंगलवार को शासन के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा परिवार के अशिक्षित सदस्यों को साक्षर बनाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के तहत बाल वाटिका के बच्चों के लिए कहानी सुनाओ गतिविधि आयोजित की गई। इसके बाद शिक्षिका अंजली आर्य ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही मजबूत भारत की नींव है। प्रत्येक व्यक्ति का शिक्षित होना आवश्यक है और परिवार में महिलाओं का शिक्षित होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षित होगी तो पूरे परिवार और समाज को शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
शिक्षिका ने बच्चों को समझाया कि घर बच्चे की पहली पाठशाला और माता उसकी पहली गुरु होती है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे प्रतिदिन अपने अभिभावकों को अक्षर ज्ञान दें, ताकि परिवार के बड़े सदस्य भी पढ़ना-लिखना सीख सकें।
इस अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने शिक्षा और साक्षरता के महत्व से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इसके बाद बच्चों ने कस्बे में भ्रमण कर लोगों से शिक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में बच्चों को “अनपढ़ होना है अभिशाप, अब कोई न रहेगा अंगूठा छाप” और “सब पढ़ें, आगे बढ़ें” का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने अपने घर के अशिक्षित सदस्यों को पढ़ाने का संकल्प लिया और कई बच्चों ने अपने परिवार के बड़े सदस्यों को अक्षर ज्ञान देना भी शुरू किया।
इस अवसर पर समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा विद्यार्थी आहद, मिस्बाह, जोया, जिया, सानिया, इल्म, फलक, जैनब, रेहान, अशद, सायन, आतिफ आदि मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य