अमित कुमार
छुटमलपुर। थाना फतेहपुर क्षेत्र के रसूलपुर स्थित सब्जी मंडी के पास मारपीट और वाहन पर पथराव की शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस को हॉस्पिटल का बोर्ड लगी एक बिल्डिंग में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिली। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद कुछ युवतियों के पीछे खेतों की ओर भागने की बात सामने आई। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं और दो पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया गया कि पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान एक वाहन पर पथराव किया गया। मामले की शिकायत मिलने पर थाना फतेहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस की नजर हॉस्पिटल का बोर्ड लगी उक्त बिल्डिंग पर गई, जहां गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस के पहुंचते ही बिल्डिंग में मौजूद कई युवतियां कथित तौर पर वहां से निकलकर पीछे खेतों की तरफ भागने लगीं। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो महिलाओं और दो पुरुषों को पकड़ लिया। सभी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
लंबे समय से शिकायतों की बात
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त बिल्डिंग को लेकर पहले भी संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आती रही हैं। लोगों के अनुसार, बिल्डिंग के बाहर हॉस्पिटल का बोर्ड लगा होने के कारण अंदर संचालित गतिविधियों को लेकर आसानी से जानकारी नहीं हो पाती थी। पुलिस की अचानक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बिल्डिंग का संचालन कौन कर रहा था और वहां किस तरह की गतिविधियां संचालित हो रही थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








