फैय्याज अली आब्दी
नानौता। थाना नानौता पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 260 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम रेलवे स्टेशन रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री के खंडहर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन लोगों को पकड़कर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान इशरत पत्नी नसीम, निवासी नानौता तथा नौशाद पुत्र इरशाद निवासी मोहल्ला चाहमंजली कोट, नानौता और कलीम पुत्र नसीम निवासी मोहल्ला हबीबगढ़, थाना कुतुबशेर, सहारनपुर के रूप में हुई।
पुलिस का दावा है कि तलाशी के दौरान तीनों के कब्जे से कुल 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी विकास चारण के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। नौशाद के खिलाफ थाना नानौता समेत जनपद के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं महिला आरोपी इशरत के खिलाफ दो मुकदमे तथा कलीम के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गौरतलब है कि थाना प्रभारी विकास चारण के नेतृत्व में नानौता पुलिस द्वारा हाल के दिनों में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले पुलिस ने नगर में हुई चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा नशा तस्करी के मामले में भी कार्रवाई की गई थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास चारण के साथ उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक राधा चौहान और हेड कांस्टेबल विक्रांत मान शामिल रहे।








