शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के तत्वावधान में देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में 14 से 16 सितंबर तक आयोजित होने वाली 37वीं राष्ट्रीय नॉर्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर जिले के पांच होनहार खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में चार बालिकाएं शामिल हैं। जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि बालिका वर्ग में नेहल जुनेजा (ट्रायथलॉन-बी), जानवी (3 किलोमीटर पैदल चाल), कनक देवी (भाला फेंक), सिमरन शर्मा (400 मीटर) तथा बालक वर्ग में भविष्य (ऊंची कूद) का चयन किया गया है। जिला एथलेटिक्स संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष यशपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि खिलाड़ियों का चयन 23 से 25 अगस्त तक प्रयागराज के पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित 61वीं उत्तर प्रदेश राज्य जूनियर एथलेटिक्स (ए) प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। प्रतियोगिता में नेहल जुनेजा, जानवी और कनक देवी ने अपने-अपने इवेंट में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि सिमरन शर्मा और भविष्य ने अपने-अपने इवेंट में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किए थे। राष्ट्रीय नॉर्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए सहारनपुर के पांच खिलाड़ियों के चयन पर जिला ओलम्पिक संघ सहारनपुर के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री संजय गर्ग, जिला संघ अध्यक्ष सुषमा बजाज, यशपाल सिंह पुंडीर, सैय्यद मशकूर, चैधरी नीरपाल सिंह, पार्षद गौरव कपिल, चैधरी ईश्वरपाल सिंह मुखिया, प्रोफेसर संदीप गुप्ता, मुस्तकीम अंसारी, भूपेंद्र सिंह, मनीष कुमार, पंकज गर्ग, एडवोकेट अमजद अली, लाल धर्मेंद्र प्रताप, दीपक शर्मा, जुली पुंडीर, रुबिका नेगी एवं पॉपिन कुमार सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।








