सहारनपुर में 24 दिवसीय अग्निवीर भर्ती रैली का सफल समापन

20,923 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 13 जिलों के युवाओं ने दिखाई देशसेवा की ललक

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर में अम्बेडकर स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों को दिशा-निर्देश देते सैन्य अधिकारी।
सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली का आज सफलतापूर्वक समापन हो गया। सेना भर्ती कार्यालय मेरठ द्वारा मुख्यालय भर्ती क्षेत्र उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित 24 दिवसीय भर्ती रैली में 20,923 से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। भर्ती रैली में एआरओ मेरठ के अंतर्गत आने वाले सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ जिलों के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराई गई। भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों ने अनुशासन, उत्साह और प्रतिबद्धता का परिचय दिया। भर्ती स्थल पर वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने पहुंचकर प्रक्रिया का जायजा लिया। जोनल रिक्रूटिंग ऑफिसर (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) मेजर जनरल मनीष कुमार, वाईएसएम, एसएम ने भी भर्ती स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं और भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने अभ्यर्थियों से संवाद करते हुए अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। सेना भर्ती रैली के सफल आयोजन में सेना भर्ती कार्यालय मेरठ, जिला प्रशासन सहारनपुर और विभिन्न संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय रहा। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान, के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने मानव संसाधन, आधारभूत सुविधाओं, यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। अधिकारियों के अनुसार, भारतीय सेना और जिला प्रशासन के बीच समन्वय के चलते भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। रैली में शामिल युवाओं का उत्साह अग्निपथ योजना के माध्यम से राष्ट्रसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता रहा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य