शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। श्री आशुतोष रामलीला समिति द्वारा आगामी रामलीला महोत्सव की तैयारियों को लेकर सुभाष नगर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रामलीला के रिहर्सल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं कलाकारों ने भगवान श्रीराम का स्मरण करते हुए रामलीला को भव्य एवं मर्यादापूर्ण ढंग से प्रस्तुत करने का संकल्प लिया। पंडित काशीराम एवं पंडित जीवन ने रामलीला समिति के प्रधान एडवोकेट गौरव चैधरी से विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इसके उपरांत सभी उपस्थित सदस्यों एवं कलाकारों ने सामूहिक रूप से आरती की और भगवान श्रीराम का जयघोष किया। समिति के निर्देशक जय कालड़ा ने बताया कि इस वर्ष रामलीला में गौरव चानना श्रीराम, विनय दुग्गल लक्ष्मण, पूजा काला माता सीता, तरुण अरोड़ा हनुमान तथा राजीव यादव रावण की भूमिका निभाएंगे। कलाकारों ने अपने-अपने पात्रों के संवाद एवं अभिनय का अभ्यास भी शुरू कर दिया। समिति के प्रधान एडवोकेट गौरव चैधरी ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी कलाकारों से आह्वान किया कि वे पूर्ण श्रद्धा और मर्यादा के साथ भगवान श्रीराम की लीला का भव्य मंचन करें, ताकि दर्शकों को प्रभु श्रीराम के आदर्श जीवन से प्रेरणा मिल सके।पूजा-अर्चना एवं अभ्यास के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने उत्साहपूर्वक जय श्रीराम का जयघोष किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर समाजसेवी राणा सिंधु, शशी सिंधु, व्यापारी नेता अंतरिक्ष अरोड़ा, राजेश चैधरी, संदीप भाटिया, संजय भसीन, राकेश छाबड़ा, अमित वक्ता, मोहित छाबड़ा, गौरव पुरी एवं रवि बख्शी ने समिति के पदाधिकारियों एवं कलाकारों को रामलीला के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।








