धर्म परिवर्तन कर शादी का आरोप, दो बच्चों के बाद पत्नी को छोड़ने का दावा

मलेरिया इंस्पेक्टर पर कुंवारा बताकर विवाह करने का आरोप, डीएम से न्याय और सुरक्षा की गुहार

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक मलेरिया इंस्पेक्टर पर महिला ने खुद को कुंवारा बताकर उससे संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन कराने के बाद आर्य समाज मंदिर में विवाह करने और दो बच्चों के जन्म के बाद उसे छोड़ देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई, स्वयं और बच्चों की सुरक्षा तथा बच्चों की पढ़ाई का खर्च दिलाए जाने की मांग की है। थाना मंडी क्षेत्र निवासी गुंजन उर्फ गुलजहां ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2009 में वह पोलियो वैक्सीनेटर के रूप में कार्य करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात धर्मेन्द्र सिंह पाल से हुई। महिला का आरोप है कि धर्मेन्द्र ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने और पत्नी के रूप में साथ रखने का भरोसा दिया। इसके बाद 5 जुलाई 2011 को आर्य समाज मंदिर में उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और कथित रूप से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया गया। महिला के अनुसार, उसे विवाह प्रमाण पत्र भी दिया गया। पीड़िता का दावा है कि इस विवाह से वर्ष 2013 और 2016 में दो पुत्र पैदा हुए। दोनों बच्चों के आधार कार्ड, जन्म संबंधी दस्तावेज और स्कूल अभिलेखों में पिता के रूप में धर्मेन्द्र सिंह पाल का नाम दर्ज है। महिला का आरोप है कि अब धर्मेन्द्र ने उसे और दोनों बच्चों को छोड़ दिया है तथा बच्चों की स्कूल फीस देना भी बंद कर दिया है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रार्थना पत्र में महिला ने धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि धर्मेन्द्र के पास लाइसेंसी रिवाल्वर है, जिससे उसे और बच्चों को खतरा बना हुआ है। महिला ने प्रार्थना पत्र में धर्मेन्द्र के विरुद्ध पूर्व में दर्ज एक आपराधिक मुकदमे का भी उल्लेख किया है। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने, अपनी तथा दोनों बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और बच्चों की स्कूल फीस दिलाए जाने की मांग की है। प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव को भी भेजी गई है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य