शहरी चौपाल ब्यूरो
अम्बेहटा चौकी क्षेत्र के घाटमपुर निवासी अमजद पकड़ा गया, 260 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद
नकुड़ (सहारनपुर)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नकुड़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम स्मैक और एक कांटा बरामद हुआ है। बरामद स्मैक की कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बीती रात गंगोह चढ़ाव मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से 260 ग्राम स्मैक और एक कांटा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद पुत्र राशिद, निवासी ग्राम घाटमपुर, थाना क्षेत्र नकुड़ के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि अमजद के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी से नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और उसके नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में अम्बेहटा चौकी प्रभारी तपन जयंत की सक्रिय भूमिका रही। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी तपन जयंत के अलावा अजित सिंह, अजय राठी और विनीत कुमार आदि शामिल रहे।
थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर बौद्ध ने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। नशा तस्करों और नशीले पदार्थों की बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की कार्रवाई से नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।








