शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कलेक्टरेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। महानगर में जामा मस्जिद समेत संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने नमाज से पहले और नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी।
जामा मस्जिद के आसपास पुलिस की तैनाती के साथ ही ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार गतिविधियों पर नजर रखते रहे। सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य नमाज के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना और शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना रहा।
शुक्रवार को जुमे की नमाज दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई। करीब 20 मिनट बाद 1:20 बजे नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। नमाज के दौरान अकीदतमंदों ने अमन और शांति के लिए दुआ की। इसके बाद अकीदतमंद एक-एक करके मस्जिद से बाहर निकलते रहे। इस दौरान पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे और आसपास के क्षेत्र पर निगरानी बनाए रखी।
नमाज के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। नमाज शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी जारी रही।








