गय्यूर मलिक
बेहट। सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में आगामी नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था, चारों ओर लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
एसएसपी ने कहा कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी बेहट, थाना प्रभारी निरीक्षक मिर्जापुर विनोद कुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








