श्रवण शर्मा
गंगोह। शोभित विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग एंड साइंसेज विभाग के छात्र-छात्राओं ने मोहाली स्थित बीआरआईसी-नेशनल एग्री-फूड एंड बायोमैन्युफैक्चरिंग इंस्टीट्यूट तथा चंडीगढ़ के विभिन्न शैक्षणिक एवं दर्शनीय स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. महिपाल सिंह एवं विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार ने किया।
भ्रमण दल में 50 छात्र-छात्राओं के साथ चार शिक्षक शामिल रहे। मोहाली स्थित बीआरआईसी-नेशनल एग्री-फूड एंड बायोमैन्युफैक्चरिंग इंस्टीट्यूट में विद्यार्थियों ने कृषि, जैव प्रौद्योगिकी, खाद्य एवं जैव विनिर्माण से संबंधित वैज्ञानिक अध्ययन और अनुसंधान की जानकारी प्राप्त की। संस्थान में वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को संबंधित विषयों में हो रहे अनुसंधान एवं आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद विद्यार्थियों ने चंडीगढ़ स्थित रॉक गार्डन का भ्रमण किया, जहां उन्होंने कला, रचनात्मकता और पुनर्चक्रण की अनूठी अवधारणा को करीब से देखा। विद्यार्थियों ने सुखना झील के प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। भ्रमण के दौरान मोहाली में कार्यरत वैज्ञानिक डॉ. संजना नेगी के सहयोग के लिए विश्वविद्यालय की ओर से उनका आभार व्यक्त किया गया।








